बागपत। डीपीआरओ कार्यालय की गाड़ी से कोतवाली पुलिस ने रविवार रात निवाड़ा चौकी पर चेकिंग के दौरान अवैध शराब पकड़ी। आरोपी चालक डीपीआरओ को कार्यालय से घर छोड़ने के बाद गाड़ी में हरियाणा से शराब की तस्करी करता था। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।
एसएसआई सतेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि रविवार रात निवाड़ा चौकी पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आई एक स्कार्पियो गाड़ी को रोका गया। तलाशी ली गई तो गाड़ी में छह पेटी अवैध शराब मिली। पुलिस चालक को गाड़ी समेत थाने ले आई और पूछताछ की। एसएसआई के मुताबिक आरोपी चालक कृष्ण पुत्र महिपाल निवासी हमीदाबाद है। उसने अपनी प्राइवेट बुलेरो गाड़ी डीपीआरओ कार्यालय में लगा रखी है। डीपीआरओ को कार्यालय से घर छोड़ने के बाद वह हरियाणा से शराब की तस्करी करता था। गाड़ी पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। वहीं, इस संबंध में डीपीआरओ कुमार अमरेंद्र से बात नहीं हो पाई।