आदमपुर के ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत, सीओ करेंगे मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। आदमपुर गांव में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित लोक निर्माण विभाग की जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने प्रकरण की जानकारी सीओ को दी। सीओ ने जांच करने की बात कही है।
ग्रामीण कृष्ण हरि, धर्मपाल, अमित, सचिन, विशाल, गौरव, प्रवीण आदि ने बताया कि आदमपुर गांव में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से मिट्टी का भराव कर छप्पर और चाहरदीवारी बना ली है। लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने इस जमीन पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया था। इसके बाद जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में एसडीएम सुभाष सिंह ने बताया कि शिकायत आई थी, इस प्रकरण की जानकारी सीओ युवराज सिंह को दी गई है। उधर, सीओ युवराज सिंह ने बताया कि जल्द ही लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों के साथ स्थानीय पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर जमीन को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
कुछ लोगों ने विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। विभाग ने चेतावनी बोर्ड भी लगवाया था, फिर भी लोग अवैध कब्जा करने में जुटे है। पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा जा रहा है। एसडीएम से भी इस संबंध में वार्ता हुई है। - आकांक्षा सिंह, एई, लोक निर्माण विभाग