जमीन का सर्किल रेट नहीं बढ़ाया तो किसान करेंगे आंदोलन
-फुलेरा गांव में आयोजित बैठक में किसानों ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिह्नित जमीन का सर्किल रेट बढ़ाने की मांग उठाई
फोटो 7
संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। फुलेरा गांव के किसानों ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिह्नित की गई अपनी जमीन का सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। यह मांग शनिवार को फुलेरा गांव में आयोजित एक बैठक में उठाई गई।
बैठक किसान गजराज सिंह के आवास पर हुई, जिसमें गढ़ी कलंजरी, पूरनपुर नवादा, भागोट, फुलेरा, सरफाबाद, गौना और लहचौड़ा सहित 12 गांवों के किसान शामिल हुए। किसान ओमपाल ने कहा कि उनकी जमीन का वर्तमान सर्किल रेट बाजार भाव से काफी कम है। उन्होंने बताया कि नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए 12 गांवों की जमीन चिह्नित की गई है। ओमपाल ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन के बैनामे कराने और सर्किल रेट बढ़ाने पर रोक लगा दी गई है। किसानों का कहना है कि सर्किल रेट बढ़ाए जाने के बाद ही भूमि का अधिग्रहण करने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी जमीन का उचित मूल्य चाहते हैं। किसानों ने जल्द ही धरना प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है। इस मुद्दे पर किसानों में गहरा असंतोष है। उन्होंने सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इस मौके पर ब्रह्मप्रकाश, सुरेंद्र यादव, मानसिंह, दयाचंद, नाहर सिंह, जगत सिंह, सुखबीर, विजयपाल यादव समेत अन्य मौजूद रहे।