विभिन्न मुद्दों को लेकर भवन में सीडीओ से वार्ता करते रालोद कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
रालोद, भाकियू और राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन ने विभिन्न मुद्दों पर विकास भवन में हंगामा किया। गांव में विकास कार्य और गोरखपुर प्रकरण की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । उन्होंने कहा यदि 15 दिन में गांव में विकास कार्य शुरू नहीं किए तो प्रधान सामूहिक इस्तीफा देंगे। सीडीओ ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
रालोद कार्यकर्ता पूर्व विधायक साहब सिंह के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में एडीएम लोकपाल सिंह से मिले और गोरखपुर कांड की निष्पक्ष जांच की मांग की। राज्यपाल के नाम लिखित ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज की ह्दय विदारक घटना के आरोपियों पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
किसानों का बकाया गन्ने का भुगतान और तीन प्रतिशत से 12.70 प्रतिशत की दर से वसूले जा रहे ब्याज पर रोक लगनी चाहिए। इसके बाद रालोद कार्यकर्ता भाकियू नेताओं और ग्राम प्रधान संगठन के साथ विकास भवन पहुंचे। जेई, ग्राम सचिव पर कमीशन मांगने समेत कई आरोप लगाए।
प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष रामपाल धामा ने कहा यदि विकास कार्य नहीं हुए तो 15 दिन में प्रधान सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे। पूर्व विधायक वीरपाल राठी, जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह, विकास प्रधान, वेदप्रकाश यादव, नगराध्यक्ष भूरू सभासद, युवा जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर, सुभाष नैन, ओमबीर ढाका, रामकुमार, सोमपाल राठी, सतेंद्र प्रमुख, जसवीर सिंह, साजिद आदि मौजूद रहे।