बागपत। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे पर मानव श्रृंखला बनाकर मतदान में भाग लेेने की अपील की। डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने कहा सभी छात्र-छात्राओं को संकल्प लेना है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान करेंगे। अभिभावकों को भी वोटिंग के लिए संकल्प दिलाएंगे और पड़ोसियों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। ब्रांड एंबेसडर बनाए ओलंपिक खिलाड़ी संदीप तोमर ने भी लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
बुधवार को सुबह के समय जिलेभर के स्कूली बच्चों ने दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे पर मानव श्रृंखला बनाई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। डीएम ह्दय शंकर तिवारी और एसपी अजय शंकर राय ने छात्र-छात्राओं के साथ राष्ट्रवंदना चौक से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। कलक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेक्षक मनोज कुमार झा, डीएम ह्दय शंकर तिवारी, एसपी अजय शंकर राय, एडीएम डीपी सिंह, सीडीओ हाकिम सिंह ने सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर किया।
डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने कहा लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का यह स्वर्णिम अवसर है। विभिन्न कॉलेजों के लगभग छह हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाई और कलक्ट्रेट पहुंचकर मतदान के लिए शपथ ली। उन्होंने कहा 11 फरवरी के दिन शनिवार को मतदान करना न भूले। जनपद बागपत में छात्र-छात्राओं ने तीन किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर एक नया इतिहास रचा है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कलक्ट्रेट में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। शहर के अधिकांश स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का सहयोग रहा। इसमें एसपीसी डिग्री कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बावली, जीजीआइसी बागपत, यमुना इंटर कॉलेज बागपत, दिगंबर जैन कॉलेज बड़ौत, हिमालय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट समेत अन्य विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया।
नए वोटरों को दिए पहचान पत्र
बागपत। चुनाव प्रेक्षक मनोज कुमार झा और डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने 20 नए मतदाताओं को पहचान पत्र बांटे। मतदान के दिन परिजनों के साथ-साथ पड़ोसियों को वोटिंग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। गुब्बारे हवा में छोड़े।
स्कूलों में निकाली जागरूकता रैली
बागपत। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सरूरपुर कलांस गांव में युवा शक्ति किसान क्लब ने जागरूकता रैली निकाली। लोगों से 11 फरवरी को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इसमें सुभाष नैन, नरेश, कोमिल, ओमप्रकाश, ओमपाल, बिंदर, सुरेंद्र, रवि, राममेहर, रामपाल, सोमपाल आदि रहे। रमाला के किशनपुर बराल गांव स्थित आदर्श शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम कर मानव श्रृंखला बनाई। इसमें स्कूल प्रबंधक नरेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य अनुराधा चौधरी, अरुण शर्मा, प्रदीप कुमार, रविंद्र कुमार, अमित कुमार आदि रहे। बालैनी स्थित धर्म इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्रों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। प्राचार्य मनोज कुकरेती, पारुल शर्मा, कय्यूम आदि रहे।
छात्रों को किया सम्मानित
बागपत। डीआईओएस पीके मिश्रा ने बताया मतदाता दिवस पर इंटर कॉलेजों की छात्राओं ने रंगोली बनाई। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने कला और निबंध प्रतियोगिता में विजेता छात्रों को सम्मानित किया। इस दौरान ब्रांड एंबेसडर संदीप तोमर को बुकें देकर स्वागत किया।