विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलसा बच्चा।
- फोटो : amar ujala
बागपत के चांदीनगर के डगरपुर गांव में खेत में टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। इसके अलावा मकान की छत से होकर गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आकर एक बच्चा झुलस गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
डगरपुर गांव की राजो (50 वर्ष) पत्नी स्वराज सिंह मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे खेत में पशुओं का चारा लेने के लिए गई थी। एक खेत में पहले से ही हाईटेंशन लाइन टूटी हुई थी। महिला को लाइन दिखाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गई। इससे वह बुरी तरह से झुलस गई। पता चलते ही परिजन उसे गांव के निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इससे परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन जर्जर हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद लाइन नहीं बदली जा रही है। इसी कारण यह हादसा हुआ है। इसके अलावा रटौल गांव निवासी मुस्तकीम का बेटा चांद (8) मंगलवार सुबह अपनी छत पर खेल रहा था। इस दौरान वह छत से होकर गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे बुरी तरह से झुलस गया।
उसके चिल्लाने की आवास सुनकर मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार ऊर्जा निगम के अफसरों से विद्युत लाइन को छत से हटाने के लिए कहा, लेकिन उनकी कोई सुनने को तैयार नहीं है।