मकान में आग लगी, लाखों का सामान जला
बड़ौत। गांधी रोड पर सन्मति अस्पताल के नजदीक टीवी में अचानक शार्ट सर्किट होने से मकान मेें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। सूचना पर दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया था।
फजल्लापुर निवासी प्रदीप व मनोज जैन पुत्रगण का श्रीपाल गांधी रोड पर सन्मति अस्पताल के नजदीक मकान है। शुक्रवार को प्रदीप व मनोज किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर उनके परिवारजन राखी जैन, सीमा जैन अपने बच्चों अतिशय जैन, स्वाति जैन आदि के साथ टीवी देख रही थी। तभी अचानक टीवी में शार्ट सर्किट हो गया और मकान में आग लग गई। राखी जैन व सीमा जैन सहित बच्चों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मगर, आग ने भीषण रूप धारण कर दिया। किसी तरह उन्होंने मकान के अंदर से भागकर जान बचाई। बाद में दमकल विभाग व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मनोज जैन ने बताया कि आग से करीब दो से तीन लाख का सामान जलकर राख हो गया।