बागपत: औसिक्का गांव में लोगो को घर में रहने की अपील करती डीएम शकुंतला गौतम व एसपी प्रताप गोपेन्द्?
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। हॉट स्पॉट बन गए जिले के चार गांव में सख्ती बढ़ा दी गई है। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने पुलिस बल के साथ भ्रमण किया। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। संदिग्ध मिले लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
शुक्रवार को डीएम और एसपी ने औसिक्का, असारा, अशरफाबाद थल गांवों का भ्रमण कर लोगों से घरों में रहने की अपील की। सब्जी, दवाई और राशन उनके दरवाजे तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को लॉक डाउन पालन करने व घर में भी सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने का आह्वान किया। बताया कि गांव में स्वास्थ्य विभाग, सफाई कर्मियों व खाद्य सामग्रियों की टीम तैनात कर दी गई है, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। घर से निकलने से पहले मास्क जरूर लगाए व हाथों को बार-बार साबुन से धोएं। जिले के प्रत्येक गांव में सैनिटाइज कराया जा रहा है। जिन गांवों में संदिग्ध स्थिति दिखाई दे रही है वहां स्क्रीनिंग कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट है और गांव-गांव जाकर स्क्रीनिंग कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आरके टंडन, एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्रा, तहसीलदार ,पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक बड़ौत डॉक्टर विजय कुमार मौजूद रहे।
घरों पर चस्पा किए जा रहे नोटिस
बागपत। जिन घरों में संदिग्ध मामले मिल रहे हैं, वहां होम क्वारंटीन किए जाने के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। चांदीनगर क्षेत्र के रटौल गांव में भी लोगों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है।
33 जमातियों की रिपोर्ट का इंतजार
बागपत। जिले में कुल 249 जमातियों को स्क्रीनिंग सेंटरों में रखा गया था। इनमें अब तक तक 216 की रिपोर्ट मिल चुकी है। 33 जमातियों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।