बागपत। विकास प्राधिकरण से नक्शा पास नहीं कराने पर अस्पतालों को नोटिस जारी करना शुरू कर दिया गया है। बिना नक्शे के संचालित ऐसे 69 अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल संचालकों को एक सप्ताह में जवाब देने के साथ ही नक्शा पास कराने के लिए आवेदन करने के लिए कहा गया है। उसके बाद कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिले में इस समय पंजीकृत 75 अस्पताल संचालित हैं। इनमें से केवल छह अस्पतालों के नक्शे बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण से पास कराए गए हैं। अन्य 69 अस्पतालों के नक्शे पास नहीं कराए गए हैं। जिले में चल रहे अस्पतालों की विकास प्राधिकरण ने स्वास्थ्य विभाग से सूची मंगवाई और उन सभी अस्पतालों को नोटिस जारी कर दिए, जिनके नक्शे पास नहीं थे।
इनमें 60 अस्पतालों के संचालक आईएमए के सदस्य हैं और इस तरह नोटिस मिलने पर आईएमए ने विरोध जताना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि यहां विकास प्राधिकरण का गठन वर्ष 2008 में हुआ था। इसके बावजूद वर्ष 2008 से पहले से चल रहे अस्पतालों को नक्शे के लिए नोटिस जारी किया गया है। इस तरह से प्रशासन पर नोटिस भेजकर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया गया।
आईएमए के सदस्यों ने पहले नोटिस का जवाब देने का फैसला लिया है। उस जवाब में वे अपनी सभी बात रखेंगे। इसके बाद भी आगे कोई कार्रवाई होती है तो उसके आधार पर बैठक करके आगे का फैसला लिया जाएगा।