अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली-देहरादून इकॉनमिक कॉरिडोर पर रविवार सुबह सट्टा लगाकर घोड़ा दौड़ करा दी गई। इसमें बागपत और मेरठ जिले के युवक शामिल रहे। तीन किलोमीटर लंबी घोड़ा दौड़ में घोड़ों के पीछे बाइकें भी दौड़ती रहीं। इस दौरान कई जगहों पर हादसा होने से टल गया।
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे के पास से रविवार सुबह घोड़ा दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें अपने घोड़े लेकर मेरठ और बागपत जिले के युवक शामिल हुए। घोड़ों के जीतने पर हजारों रुपये का इनाम भी तय किया गया। इसके साथ घोड़ों पर लाखों रुपये सट्टा भी लगाया गया। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे के पास से शुरू हुई घोड़ा दौड़ देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंच गए। दौड़ पूरी होते ही आयोजक और घोड़ा मालिक वहां से चले गए। इससे पहले दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर भैंसा-बुग्गी दौड़ भी कराई जा चुकी है। इस मामले में जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि घोड़ा दौड़ के बारे में जानकारी नहीं है। आयोजकों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।