आधार कार्ड और डाटाबेस में नाम में अंतर आने से अपात्र हुए किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए लाभार्थी का आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। जिले में 16964 किसान ऐसे है, जिनका आधार कार्ड में अंकित नाम डाटाबेस में सही फीड नहीं हो पाया है। शासन ने ऐसे किसानों की सम्मान निधि रोक दी है। कृषि विभाग की ओर से ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर किसानों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों को दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों के रुप में वर्ष में छह हजार रुपये का भुगतान किया जाता है। शासन ने योजना के अंतर्गत आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया है, जिसके कारण पात्र होते हुए भी जिले के हजारों किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आधार कार्ड में नाम और नंबर का सही मिलान न होने के कारण जिले के 16964 किसान योजना से वंचित है।
जिले में पंजीकृत किसान
बागपत। जिले में 145963 किसान पंजीकृत है। इनमें से 128999 किसान पात्र है, जबकि 16964 किसान अपात्रों की सूची में है। इन किसानों के आधार कार्ड और बैंक पास बुक में नाम अलग-अलग होने के कारण योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
समाधान दिवस में किया जा रहा समस्या का समाधान
बागपत। उपकृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि किसानों को योजना का लाभ प्रदान करने के लिए कृषि विभाग के बीज गोदामों पर एक फरवरी से कैंप लगाकर किसानों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। समाधान दिवस की प्रतिदिन की प्रगति की निगरानी की जा रही है।
जिले में सम्मान निधि की स्थिति
प्रथम किश्त 1,05620
दूसरी किश्त 1,01893
तीसरी किश्त 94,645
चौथी किश्त 75,141
पांचवी किश्त 67,360
छठी किश्त 52,246
सातवीं किश्त 51,470