बागपत। कोरोना वायरस के कारण जिले में कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में 22 मार्च तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। परीक्षाओं की तिथि भी बदल दी गई है। परिषदीय विद्यालयों में अब 16 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाएं अब 23 मार्च से होगी।
कोरोना वायरस को प्रदेश में महामारी घोषित किए जाने के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए 22 मार्च तक जिले में कक्षा आठ तक की छुट्टी घोषित कर दी गई है। इस दौरान जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा अन्य सभी बोर्ड के विद्यालय बंद रहेंगे। छुट्टी होने के कारण परिषदीय विद्यालयों में 16 मार्च से 22 मार्च तक चलने वाली परीक्षा टल गई है। अब परिषदीय विद्यालयों में 23 मार्च से 28 मार्च तक परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त बच्चों एवं लोगों को कोरोना वायरस बचाव एवं जागरूक करने के लिए प्रत्येक विद्यालय में दो प्रमुख स्थानों पर पोस्टर चस्पा कराए जाएंगे।
बीएसए राजीव रंजन मिश्रा ने बताया कि बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेशानुसार सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए है। निर्देशों की अवहेलना करने पर संबधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।