बागपत। वाहन चेकिंग के दौरान युवक से अभद्रता व मोबाइल तोड़ने के आरोप में लाइनहाजिर दरोगा के समर्थन में हिंदू संगठन उतर आए हैं। उन्होंने दरोगा को कर्तव्यनिष्ठ बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम के नाम दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि दरोगा नेत्रपाल अपनी ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने हेलमेट और मास्क न लगाने पर हरचंदपुर के पूर्व प्रधान पुत्र की बाइक रोकी और चालान काटा था। उक्त युवक ने राजनीतिक अकड़ दिखाते हुए दरोगा से दुर्व्यवहार किया। धार्मिक उन्माद फैलाने के उद्देश्य से उनकी झूठी शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच कराए बिना ही दरोगा को लाइनहाजिर कर दिया। इस तरह की घटनाओं से धार्मिक आधार पर झूठी शिकायत करने वालों को बढ़ावा मिलेगा। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, सुनील, प्रकाश राणा, राकेश आर्य, रेखा रानी, सुनील कुमार, विकास शर्मा, रोशनी, कुलदीप आदि मौजूद रहे।