मार्ग पर हाईटेंशन तार के टूटने से खड़े वाहन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बागपत - मेरठ मार्ग पर शहर के एक मैरिज होम के पास बृहस्पतिवार को अचानक हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से रोडवेज बस और तिरंगा बाइक रैली बाल-बाल बची। इससे वहां हड़कंप मच गया।
मेरठ के भैसाली डिपो की बस को चालक रणवीर बृहस्पतिवार को सुबह करीब डेढ़ बजे बागपत से यात्री लेकर मेरठ जा रहा था। जैसे ही बस वात्सायन मैरिज होम से थोड़ा आगे पहुंची, तभी उसके आगे हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। चालक रणवीर ने किसी तरह बस को रोका। दूसरी तरफ से मेरठ की ओर से आ रही तिरंगा बाइक रैली को भी रुकवाया।
इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे की सूचना विद्युत निगम के अधिकारियों को दी। करीब पौन घंटे बाद वहां पर विद्युत निगम की टीम पहुंची। उसके बाद लाइन को वहां से हटाया । सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। बाद में वहां वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
यात्रियों ने कहा बस के चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला है। इससे लोगों ने हंगामा किया। उन्होंने कहा लाइन के नीचे सेफ्टी गार्ड भी नहीं लगे है। निगम की लापरवाही से कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।