बागपत। विकास भवन सभागार में शनिवार को सीडीओ की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर के श्री यमुना इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जयपाल शर्मा ने बौढ़ा गांव में फैल रही हेपेटाइटिस की बीमारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मरीजों को जिले में ही उपचार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांव में हेपेटाइटिस की बीमारी फैल रही है। चिकित्सा विभाग की टीम कैंप लगाकर लोगों की जांच करती है, मगर मरीजों को जिले में ही उपचार नहीं दिया जाता है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को परेशानियों से जूझना पड़ता है। जिले के मरीजों को जिले में ही उपचार क्यों नहीं दिया जाता है। अधिकांश मरीजों को मेरठ, रोहतक और दिल्ली के लिए रेफर कर दिया जाता है। बागपत में आधुनिक जिला अस्पताल है, जिले के मरीजों को जिले में उपचार दिया जाएं। उन्होंने सीडीओ से जिले के मरीजों को जिले में ही उपचार की सुविधा प्रदान करने की मांग की। सीडीओ पीसी जायसवाल ने कहा कि मांग पर विचार किया जाएगा। एसीएमओ डॉ भुजवीर, डीडीओ हूबलाल, शीशपाल सिंह मौजूद रहे।