अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। मीतली गांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए शनिवार को प्रधान की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से मेडिकल कॉलेज के लिए 75 बीघे भूमि देने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही इसे जिला अधिकारी को भेजा गया। ग्राम पंचायत के निर्णय से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्राम प्रधान श्रीमती सरला देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कॉलेज के लिए 75 बीघा जमीन देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर जिला अधिकारी बागपत को भेजा गया। ग्राम प्रधान सरला देवी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से जनपद वासियों को दिल्ली मेरठ आदि नहीं भागना पड़ेगा। इससे समय और पैसे की भी बचत होगी। समाजसेवी सतीश राणा ने कहा कि गांव में मेडिकल कालेज बनने से क्षेत्र का विकास होगा तथा लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिले के युवाओं को रोजगार के लिए मेरठ, दिल्ली, हरियाणा नहीं भागना पड़ेगा। एसडीएम बागपत राम नयन सिंह, लेखपाल विवेक शर्मा, योगेश, सुधीर ,रमेश कुशवाहा ने ग्राम पंचायत के निर्णय की सराहना की। बैठक में ग्राम पंचायत सदस्य शीला देवी, संतोष देवी, संजीव कुमार, सतीश कुमार, सुनील, शिवकुमार, राजवीर सिंह, संजय कुमार, मेमवती आदि सहित सभी 15 सदस्य एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।