सरकारी कार्यालयों में फिर शुरू हुई हेल्प डेस्क
बागपत। कोरोना संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए सरकारी कार्यालयों में फिर से हेल्प डेस्क शुरू हो गई है। कार्यालयों के गेट पर सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था कराई गई है। दीवारों पर बिना मास्क कार्यालय में प्रवेश वर्जित के नोटिस चस्पा कराए गए हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण पैर पसार रहा है। बढ़ते हुए संक्रमण को देखते हुए कार्यालयों से गायब हुई हेल्प डेस्क फिर से शुरू हो गई है। जिला बेसिक विभाग कार्यालय में ऑटोमैटिक सैनिटाइजर की मशीन लगवाई गई है। दीवार पर बिना मास्क प्रवेश वर्जित का नोटिस चस्पा किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नियुक्त कर दिया है। कार्यालय में सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही आगंतुकों को प्रवेश दिया जा रहा है। सीएमओ कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित कर कर्मचारी नियुक्त कर दिए है। सीएमओ कार्यालय के गेट पर बिना मास्क प्रवेश वर्जित का नोटिस चस्पा किया गया है। सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि सभी कार्यालय में संक्रमण से बचाव के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के अलावा मास्क का प्रयोग अनिवार्य किया गया है।