- यातायात पुलिस के सामने ही राष्ट्र वंदना चौक पर नेशनल हाईवे के ऊपर खड़े रहते है बस, थ्री व्हीलर व ई-रिक्शा
- यात्रियों के खड़े होने तक के नहीं रहती जगह, वाहनों के अवैध स्टैंड के कारण लगातार हादसे भी हो रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर नेशनल हाईवे पर ही बस, थ्रीव्हीलर व ई-रिक्शा खड़ी करने के अवैध स्टैंड बना दिए गए हैं। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस कारण ही सड़क हादसे भी हो रहे हैं। सीएम के अवैध स्टैंड हटाने के आदेश के बावजूद परिवहन विभाग व यातायात पुलिस कोई कार्रवाई तक नहीं कर रही हैं। नेशनल हाईवे पर यातायात पुलिस के सामने ही वाहनों की कतार लगी रहती है।
बागपत नगर में राष्ट्र वंदना चौक पर बड़ौत रोड, मेरठ रोड व दिल्ली रोड पर अवैध स्टैंड बना दिए गए हैं। बड़ौत रोड पर थ्री व्हीलर व ई-रिक्शा नेशनल हाईवे के ऊपर ही खड़े रहते हैं तो बस भी यहीं रुक जाती है। इस तरह ही मेरठ रोड व दिल्ली रोड पर बस खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे वाहन निकलने में परेशानी होती है। इसी कारण लंबा जाम तक लग जाता है। इसके बावजूद अवैध स्टैंड हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वाहनों के इंतजार में खड़े नहीं हो सकते लोग, हादसे भी हो रहे
राष्ट्र वंदना चौक पर चारों तरफ अवैध स्टैंड बनाकर वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे वहां यात्रियों के खड़े होने के लिए जगह नहीं रहती है और उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके अलावा वाहनों को मोड़ने के लिए जगह भी नहीं होती है। वाहन मोड़ते हुए सबसे ज्यादा हादसे होते हैं। इससे भी परेशानी बढ़ रही हैं।
बसों के लिए जगह चिह्नित, लेकिन नहीं करते खड़ी
राष्ट्र वंदना चौक पर एक महीने पहले सीओ और एसडीएम ने बस खड़ी करने के लिए जगह चिह्नित कराई थी। यह स्थान चारों तरफ राष्ट्र वंदना चौक से कुछ आगे तय किया गया था। इसके बाद भी बसों को वहां खड़ा नहीं किया जाता है। इसी तरह से बस और थ्री व्हीलर चालक पूरी तरह से मनमानी पर उतरे हुए है।
--
वाहनों को खड़ा करने के लिए राष्ट्र वंदना चौक पर जगह तय की गई है। अगर उसका कोई पालन नहीं कर रहा है तो ऐसे वाहन पर कार्रवाई होगी। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। - सुभाष राजपूत, एआरटीओ
--
राष्ट्र वंदना चौक पर अवैध स्टैंड बनाकर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए पुलिस को निर्देशित कर दिया गया है। - अनुज मिश्रा, सीओ बागपत