बागपत। जिला अस्पताल में सांप के काटने से उपचार के दौरान भाकियू के एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा की पत्नी सुंदर देवी की मौत के मामले में चिकित्सक डॉ. विक्रांत चौबे पर विभागीय कार्रवाई व फार्मासिस्ट मोहित त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति की गई। सीएमओ डॉ. तीरथलाल ने सीएमएस को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के लिए कहा है।
सीएमओ ने बताया कि जांच के आधार पर उपचार करने में फार्मासिस्ट मोहित त्यागी ने लापरवाही बरती थी और चिकित्सक की सलाह लिए बिना एंटी वेनम वैक्सीन लगाई थी। उनकी लापरवाही के कारण सुंदर देवी की मौत हुई थी। वहीं डॉ. विक्रांत चौबे की भी गंभीर लापरवाही उजागर हुई। उन्होंने बताया कि महिला की मौत के बाद विसरा को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था और रिपोर्ट आने के बाद फार्मासिस्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और चिकित्सक डॉ. विक्रांत चौबे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के लिए सीएमएस डॉ. अनुराग वार्ष्णेय को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के लिए कहा है।