बागपत के जिला असपताल में भर्ती मरीज। संवाद
बागपत। यहां मौसम में बदलाव व खानपान ठीक नहीं होने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण लोग बुखार, पेट व खून में संक्रमण, खून की कमी की बीमारियों से जूझ रहे हैं और उनको अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा है। इसलिए ही अस्पताल का जनरल वार्ड भर गया है और अब अन्य वार्ड खोलने पड़े। वहां आठ बच्चाे सहित 30 मरीज भर्ती किए गए हैं।
तापमान 37-40 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है तो अचानक कई दिन से शाम को बारिश हो जाती है। इस तरह मौसम में कई दिन से उतार-चढ़ाव चल रहा है। मौसम में इस तरह होने वाले बदलाव में लोग खानपान का ध्यान नहीं रख रहे हैं और वह बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। यहां लोग वायरल बुखार, गले में संक्रमण, सांस की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं बच्चों को तेज बुखार आने के साथ खून की भी कमी होती जा रही है। जिला अस्पताल में इस तरह के मरीजों में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल में शनिवार को एक हजार से अधिक मरीजों की ओपीडी हुई, जिनमें 100 मरीज वायरल और 120 मरीज खून, पेट व गले में संक्रमण के आए।
अधिकांश सामान्य मरीजों को चिकित्सक दवा देने के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं, जबकि ज्यादा हालत खराब होने के कारण कुछ मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सीएमएस डाॅ. एमएस मलिक ने बताया कि मौसम बदलने से लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इस समय संक्रामक बीमारियां फैलती है। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से लोग बीमार हो रहे हैं। ऐसे में उपचार कराने के साथ ही बचाव जरूरी है।
nअस्पताल में इस तरह मरीज हुए भर्ती : जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में 30 बेड की क्षमता है। वहां आठ बच्चों को खून की कमी होने के कारण भर्ती कराया गया। इसके अलावा 15 मरीज टायफाइड व वायरल से पीड़ित हैं और सात मरीजों को पेट में संक्रमण, जोड़ों में दर्द की समस्या है। अस्पताल के फुल होने के बाद अब आयुष्मान व इमरजेंसी वार्ड को मरीजों के लिए खोला गया है, ताकि मरीजों को भर्ती करने में किसी भी तरह की परेशानी न हो।