-शिविर में 105 लोगों ने कराई जांच, तीन मरीज टाइफाइड के मिले
फोटो - 10
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। हेवा गांव में बुखार से तीन महिलाओं की मौत के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। यहां टीम ने शिविर लगाकर 105 लोगों की जांच कर दवाई दी। इसके अलावा टीम ने गांव में घर-घर जाकर खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की जानकारी ली।
प्रभारी सीएचसी अधीक्षक डॉ़ निरंजन ने बताया कि मंगलवार को हेवा गांव के शिव मंदिर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 105 मरीजों ने अपनी जांच कराई। शिविर में आए 15 मरीजों की डेंगू, मलेरिया और टायफाइड की जांच कराई गई। शिविर में तीन मरीज टाइफाइड के मिले। अधिकतर मरीज खांसी और जुकाम से पीड़ित थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक महिलाओं के घर पहुंचकर भी जानकारी ली। ग्राम प्रधान नीरज कुंडू ने बताया की गांव में ग्राम पंचायत की ओर से साफ-सफाई अभियान भी चला जा रहा है। साथ ही गली-मोहल्ले में कीटनाशक एंटी लार्वा दवाई का छिड़काव कराकर फोगिंग भी कराई जा रही है।