बागपत। बरनावा के ग्रामीणों ने प्रधान के पति पर ग्राम सभा की कीमती भूमि पर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने प्रधान पति को हिस्ट्रीशीटर भी बताया।
बिनौली थाना क्षेत्र के बरनावा गांव से दर्जनों लोग बुधवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधान के पति के खिलाफ डीएम को शिकायती पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि प्रधान के पति हिस्ट्रीशीटर है तथा अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर ग्राम सभा की कीमती जमीन पर डेढ़ दर्जन दुकानों का निर्माण करा रहा है।
लोगों ने आरोप लगाया कि जब कोई निर्माण को रुकवाने का प्रयास करता है तो उसके साथ अभद्रता करते हुए हथियारों के बल पर वहां से भगा देता है। न्यायालय की आदेश पर दो वर्ष पूर्व निर्माण कार्य को रोका गया था, लेकिन दोबारा से अधिकारियों से साठ-गांठ कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
ग्राम सभा की जमीन पर हुए कब्जे के कारण गांव का माहौल भी बिगड़ सकता है। ग्रामीणों ने डीएम से जल्द कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। इसमें नौशाद, सफीक, बाबू, शरीफ, नौशाद, गुलजार आदि रहे।
ईंटों को फेंका रोड पर प्रधान के पति ने
बागपत। बरनावा निवासी सादुल्ला ने भी ग्राम प्रधान क् पति पर आरोप लगाया है कि उसकी दुकान के सामने पांच हजार ईंटें पड़ी हुईं थीं। 20 मार्च की रात प्रधान पति और उसके कुछ साथियों ने ईंटों को उठाकर रास्ते में फेंक दिया। उन्होंने इसकी शिकायत चौकी पर की, लेकिन वहां तैनात मौजूद दरोगा ने कोई कार्रवाई नहीं की।