बागपत में स्कूल बस की जांच करते आरआई विनय कुमार
- फोटो : BAGHPAT
- नौ बसों पर लगाया दो लाख का जुर्माना मानक पूरा न करने पर, छह बस भी सीज की
- 29 अप्रैल तक चलाया जाएगा अभियान जिले में, मानकों को पूरा न करने वालों पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। अमर उजाला में शुक्रवार के अंक में ‘स्कूली बसों न कैमरे, न फर्स्ट एड बॉक्स डग्गामार वाहनों में भेजे जा रहे विद्यार्थी’ शीर्षक से छपी खबर का प्रकाश होने के बाद परिवहन विभाग हरकत में आया। शुक्रवार को विभाग की ओर से टीम बनाकर स्कूली बसों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने मानकों को पूरा न करने वाली नौ बसों का चालान कर दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही छह बसों को सीज कर दिया।
एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि शुक्रवार को टीमों का गठन कर स्कूल बसों के खिलाफ अभियान चलाया गया। यह अभियान 29 अप्रैल तक जारी रहेगा। अभियान के अंतर्गत मानकों को पूरा न करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान, सीज करना और ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को आरआई विनय कुमार सिंह ने सड़कों और स्कूलों में जाकर स्कूली वाहनों की फिटनेस, अग्नि शमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, सुरक्षा जाली, की जांच की। स्कूल प्रशासन को स्कूल बसों के मानकों को पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में एक विशेष सेल बनाकर टैबलेट के माध्यम से चालकों और परिचालकों को यातायात के नियमों की जानकारी देकर पालन करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों के प्रबंधकों को वाहनों की फिटनेस व अन्य मानक समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए है। निर्देशों का पालन न करने पर स्कूल बसों के रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र निरस्त करने की चेतावनी दी है।