लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को शुरू कराया काम, तीन दिन में पूरा करने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। पूरी तरह जर्जर हो चुके रेलवे रोड पर शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग ने निर्माण शुरू करा दिया। अधिकारियों का दावा है कि तीन दिन में निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा। निर्माण पूरा होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
बता दें कि नगर का मुख्य रेलवे मार्ग खंड विकास कार्यालय से महामना मालवीय डिग्री कॉलेज तक पूरी तरह जर्जर हो चुका था। इस मार्ग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खंड विकास कार्यालय, सहकारी समिति कार्यालय, बीआरसी केंद्र, रेलवे स्टेशन, महामना मालवीय इंटर कॉलेज, महामना मालवीय डिग्री कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज के अलावा बसी, सुन्हैड़ा, सलावतपुर खेड़ी, पाबला आदि गांव जुडे़ हुए है। जर्जर होने की वजह से छात्र-छात्राओं, रेलवे यात्रियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दैनिक यात्री संघ के अध्यक्ष धर्मसिंह एसडीओ, गजेंद्र कौशिक, देवेंद्र कुमार, आकाश शर्मा, रोहित सिंघल, पुनीत कुमार, अरुण कुमार, संजय आदि ने सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह और क्षेत्रीय विधायक योगेश धामा से इस मार्ग के निर्माण की मांग की थी। दोनों नेताओं के प्रयास से लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को इस क्षतिग्रस्त मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। ठेकेदार आरके सिंह ने बताया कि तीन दिन के अंदर मार्ग का निर्माण कार्य पूूर्ण करा दिया जाएगा।