बागपत के उपनिबंधक कार्यालय में देर रात काम करते कर्मचारी । संवाद
बागपत। सर्किल रेट बढ़ाने में हरियाखेड़ा की अड़चन पैदा हो गई है। हरियाखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय योग एवं आरोग्य संस्थान के लिए जमीनों के बैनामों को कराने के बाद नया सर्किल रेट लागू करने की बात कही जा रही है। यह कार्य इस सप्ताह में पूरा हो जाएगा। तब तक आपत्तियों पर पूरी रिपोर्ट भी तैयार कर ली जाएगी।
यहां जमीनों के सर्किल रेट आखिरी बार वर्ष 2016 में बढ़े थे। इसके बाद से जमीनों के बाजार भाव लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसको देखते हुए ही बागपत, बड़ौत, खेकड़ा तीनों तहसील क्षेत्रों के नए सर्किल रेट की सूची पंद्रह दिन पहले जारी की गई।
इसके साथ ही नए सर्किल रेट को एक जून से लागू करने की बात कही गई थी। यहां जिलेभर से 69 आपत्तियां आई थी, जिन पर बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने सुनवाई शुरू की। अधिकतर आपत्तियों का निस्तारण कर लिया गया है और अंतिम रिपोर्ट बनाई जानी बाकी है।
इसके अलावा हरियाखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय योग एवं आरोग्य केंद्र के लिए किसानों से जमीनों के बैनामे कराए जा रहे हैं। वहां करीब सौ किसानों के बैनामे हो चुके हैं और कुछ किसानों के बैनामे बाकी हैं। इसको देखते हुए भी सोमवार से नया सर्किल रेट लागू नहीं किया जाएगा।
वहां के जल्द ही बैनामे करने के बाद इसे लागू करने की बात कही जा रही है। इसके लिए शनिवार की देर रात तक बागपत उप निबंधक कार्यालय में अधिकारी व कर्मचारी कार्य भी करते रहे।