फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साढ़े छह लाख में ली थी हत्या की सुपारी

Tue, 26 Apr 2016 12:35 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में अमरपाल उर्फ कालू (फाइल फोटो)। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
बागपत के खिंदौड़ा गांव के आदर्श प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतपाल शर्मा की हत्या के मामले में पकड़े गए शूटर गौरव निरपुड़ा ने पुलिस के सामने सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस सूत्रों का कहना है  हेडमास्टर की हत्या की सुपारी मेरठ जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अमरपाल उर्फ कालू और अनिल सूप ने साढ़े छह लाख रुपये में ली थी। 11 अप्रैल को जेल में ही शूटरों के साथ हत्या की साजिश की गई थी। उसी के आधार पर अमरपाल की पत्नी ने शूटरों को असलाह उपलब्ध कराए थे। फिर शूटरों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि वारदात का मंगलवार काे खुलासा कर दिया जाएगा। 
विज्ञापन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हेडमास्टर सतपाल शर्मा के विपक्षी आनंद और उसका बेटा मोहित मेरठ जेल में बंद हैं। उन्होंने जेल में ही बंद छपरौली थाने के हिस्ट्रीशीटर अमरपाल उर्फ कालूराम निवासी शेरपुर लुहारा और अनिल सूप से सतपाल की हत्या की बात की। इसके लिए वे दोनों तैयार हो गए। उन्होंने साढ़े छह लाख रुपये में सतपाल की हत्या की सुपारी ली थी।

11 अप्रैल को अमरपाल की पत्नी और तीनों शूटर (सोनू उर्फ शिशुपाल उर्फ अमरीकन, गौरव और रोहित) मिलने के लिए मेरठ जेल में गए थे। वहां पर ही उनकी हत्या का प्लान तैयार हुआ था। इसके बाद वे  वहां से घर आ गए थे। 14 अप्रैल को शूटरों ने फिर जेल में जाकर बातचीत की। 
विज्ञापन

 वहां से लौटने के बाद मेरठ जेल में बंद सतपाल शर्मा के विपक्षी आनंद शर्मा के घर पहुंचे। वहां पर आनंद की पत्नी बबली से मिले। उसने उन्हें 10 हजार रुपये दिए। इसमें से तीन हजार रुपये अमरपाल की पत्नी बाबू किरण को उसके मायके इटावा (मुजफ्फरनगर) में देकर आए। वहां उन्हें अमरपाल का भतीजा लेकर गया था।  

उसी समय बाबू किरण ने तीनों शूटरों को तीन तमंचे और 17 कारतूस सतपाल की हत्या करने के लिए दे दिए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 22 अप्रैल को देर शाम ही तीनों शूटर सतपाल के विपक्षी आनंद के घर पर पहुंच गए थे। आनंद के परिवार की महिलाओं ने हेडमास्टर सतपाल के स्कूल जाने की जानकारी दी। यहीं नहीं सोने के लिए तीनों को बिस्तर भी उपलब्ध कराया। खेत में ही उन्होंने रात बिताई। इसके आधार पर उन्होंने स्कूल में पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। 

हेड मास्टर सतपाल की हत्या करने के आरोपी शूटर गौरव को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रधानाध्यापक सतपाल की हत्या मेरठ जेल में बंद अमरपाल शेरपुर लुहारा और अनिल सूप ने कराई है। - रवि शंकर छवि, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें