- न्यायालय में पेशी के बाद ललितपुर जेल भेजा गया कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका, गवाही के लिए 18 नवंबर नियत की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला एवं सत्र न्यायालय में ढिकौली गांव के हिस्ट्रीशीटर प्रवीण उर्फ बब्बू हत्याकांड में बृहस्पतिवार को भी वादी और गवाह नवीन ढाका की गवाही टल गई। इस दौरान पेशी पर न्यायालय में पेशी पर लाए गए कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका ने न्यायाधीश से अधिवक्ता करने के लिए समय देने की मांग की। इसके बाद वादी की गवाही के लिए 18 नवंबर नियत की गई और कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका को ललितपुर जेल भेज दिया गया।
ढिकौली गांव के अक्तूबर 2024 में प्रवीण उर्फ बब्बू हत्याकांड की गाली मारकर और बलकटी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसमें प्रवीण उर्फ बब्बू के भाई नवीन ढाका ने कुख्यात ज्ञानेंद्र ढाका समेत कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें ललितपुर जेल में बंद कुख्यात ज्ञानेंंद्र ढाका को पेशी पर कचहरी लाया गया। बुधवार को ज्ञानेंद्र ढाका ने पैरवी के लिए अधिवक्ता करने के लिए समय देने की मांग की।
इस पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार ने ज्ञानेंद्र ढाका को एक दिन के लिए बागपत जेल भेज दिया। साथ ही वादी की गवाही के लिए बृहस्पतिवार का दिन नियत किया। बृहस्पतिवार को ज्ञानेंद्र ढाका को न्यायालय में पेशी पर लाया गया, लेकिन उसकी पैरवी के लिए अधिवक्ता नहीं आए। कुख्यात ने कुछ समय और देने की मांग की तो न्यायाधीश ने नाराजगी जताई। इसके बाद ज्ञानेंद्र ढाका को ललितपुर जेल भेज दिया गया।