बागपत के बड़ौत में बुधवार रात सुल्तान गंज मंडी के गेट पर ऑल्टो कार में सवार तीन बदमाश 30 हजार का सामान और पांच हजार रुपये की नगदी दुकानदार से तमंचे के बल पर लूटकर ले गए। शोर मचाने पर लोगों ने गाड़ी का पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
भगवान महावीर मार्ग सुल्तान गंज मंडी के बाहर अनिल कुमार जैन की किराना की दुकान पर बुधवार देर रात बेटा मनीष जैन बैठा था। एक सफेद ऑल्टो कार दुकान के बाहर रुकी, इसमें से तीन बदमाश निकले। उन्होंने शादी के नाम पर 30 हजार का सामान बंधवाकर गाड़ी में रखवा लिया। पैसे मांगे तो एक बदमाश ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। जाते समय वे मनीष से पांच हजार रुपये की नगदी भी छीन ले गए। बदमाश गाड़ी में बैठ बिजरौल रोड की ओर फरार हो गए।
मनीष ने शोर मचाया तो व्यापारियों ने गाड़ी का पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। अनिल जैन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इस वारदात को लेकर उप्र उद्योग व्यापार मंडल की बैठक वरदान जैन की अध्यक्षता में हुई। इसमें बदमाशों को शीघ्र पकड़ने की मांग की। इसमें अरुण तोमर, विपिन जैन, विवेक जैन, अनिल जैन, संजीव जैन, संजय, कमल आदि रहे।
चोरी कर भाग रहे बदमाश को दबोचा
दोघट। दाहा गांव में फौजी टेंट हाउस से बृहस्पतिवार को बाइक सवार दो युवक लोहे की प्लेट चोरी कर ले गए। लोगों ने पीछा कर दाहा-बरनावा मार्ग पर पलड़ा भट्ठे के पास चोरों को घेर लिया। एक चोर मौके से फरार हो गया। जबकि एक को उन्होंने पकड़ लिया और मारपीट कर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए चोर ने अपना नाम मौसम निवासी भड़ल बताया। पुलिस ने उससे लोहे की प्लेट बरामद कर ली।