बागपत जिले के बसी गांव में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोलियां बरसाकर दादा-पोते की हत्या किए जाने के बा
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा (बागपत)। थाना क्षेत्र के बसी गांव के जंगल में सोमवार को दिनदहाड़े दादा-पोते की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। वे दोनों खेत से गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मिल पर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों को करीब 15-15 गोलियां मारी गईं। एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की तथा पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
बसी गांव के किसान सतसिंह (80) और उनका पोता मनदीप (20) सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत से गन्ना लेने गए थे। वहां से गन्ना लेकर लौटते समय गोशाला के समीप उन पर बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इसके चलते दोनों ट्रैक्टर से नीचे भी नहीं उतर सके। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को करीब 15 गोलियां मारी गईं। इसकी जानकारी पाकर सीओ युवराज सिंह व कोतवाली प्रभारी देवेश शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से 15 खोखा मिले। वहीं, एसपी नीरज कुमार जादौन ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार उनकी पूर्व प्रधान ओमपाल से रंजिश चल रही थी। वहीं, सतसिंह के पुत्र ऋषिपाल की दो साल पहले जेल में हत्या कर दी गई थी। एसपी के अनुसार इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।