अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप
एएसपी ने सीओ को मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश
कार्रवाई के डर से चार पुलिस कर्मियों ने कमरों से अपना सामान समेटा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर के ठाकुरद्वार स्थित बालिका छात्रावास में कब्जा जमाए बैठे पुलिसकर्मियों की खबर छपते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एएसपी ने सीओ को मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए है। प्रशासन भी मामले को लेकर अलर्ट हो गया है। उधर, कार्रवाई के डर से चार पुलिस कर्मियों ने छात्रावास के कमरों से अपना सामान भी समेट लिया।
नगर के ठाकुर द्वार के पास वर्ष 1994-19945 में 77.35 लाख की लागत से बालिका छात्रावास का निर्माण कराया गया था। इसमें 50 कमरे है, जिनमें से 38 में पुलिसकर्मी और उनके परिवार कब्जा जमाए है। कुछ बाहरी लोगों ने अपना ठिकाना बना लिया है। बृहस्पतिवार को अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एएसपी मनीष मिश्रा ने सीओ आलोक कुमार को मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी अलर्ट हो गए है। एसडीएम दुर्गेश मिश्र का कहना था कि मामला गंभीर है। जल्द ही टीम गठित कर छापा मारा जाएगा। उधर, कार्रवाई के डर से चार पुलिस कर्मियों ने बृहस्पतिवार को स्वयं ही कमरों को खाली कर ताला लगा दिया है।
26 लाख से अधिक की राजस्व हानि
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी नईम अख्तर ने बताया गया कि श्री वर्धमान जैन शिक्षा समिति बड़ौत को मासिक किराया 38300 रुपये दर से देने की स्वीकृति दी गई थी। पुलिस व अन्य लोगों के कब्जे के कारण अब तक 26 लाख 40 हजार 400 रुपये की हानि हो चुकी है।
बिजली की भी चोरी, ऊर्जा निगम बेखबर
बालिका छात्रावास में बिजली चोरी का मामला भी सामने आया है। मगर, न तो एक्सईएन प्रथम को इसकी जानकारी है और न ही एक्सईएन द्वितीय को। दोनों ही अधिकारी एक-दूसरे के एरिया में छात्रावास के कहे जाने की बात कहकर मामले को टाल देते है।