शासन ने सहयोग के लिए खान एकेडमी को किया अधिकृत
छात्राआें को ऑनलाइन शिक्षण के माध्यम दिए जाएंगे टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कस्तूरबा गांधी आवास बालिका विद्यालय मेें पढ़ने वाली बालिकाएं अब गणित मेें महारथ हासिल करेंगी। इसके लिए शासन ने सराहनीय पहल करते हुए खान एकेडमी को अधिकृत किया है। शासन के निर्देशों के बाद जिले के दो कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययन करने वाली 200 बालिकाओं की गणित को तराशने में एकेडमी सहयोग करेगी।
जनपद में बड़ौत व छपरौली में एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। प्रत्येक स्कूल में 100 बालिकाओं का पंजीकरण है। इन आवासीय स्कूलों में पठन पाठन के साथ रहने व भोजन आदि की भी व्यवस्था की जाती है। इन ड्राप आउट बालिकाओं को अक्सर पठन पाठन में गणित व अंग्रेजी विषयों में काफी समस्याएं होतीं हैं। इसे लेकर परियोजना स्तर से गणित और अंग्रेजी विषयों में कमजोर छात्राओं को कक्षा के बाद अलग से समय देकर पढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया जा चुका है। अब शासन स्तर से इसके लिए खान एकेडमी को भी अधिकृत किया गया है। एकेडमी बालिकाओं को ऑनलाइन गणित में टिप्स देगी और आसान तरीकों से समझाने का प्रयास करेगी। इसको लेकर महानिदेशक विजय किरन आनंद की ओर से अनुमोदन कर शिक्षा विभाग को निर्देशित कर दिया गया है।
शिक्षिकाओं को भी दिया जाएगा प्रशिक्षण
खान एकेडमी की ओर से पहले शिक्षिकाओं को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें टिप्स दिए जाएंगे। इन टिप्स की मदद से फिर बालिकाओं को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
निदेशक के निर्देश पर सारी तैयारियां की जा रहीं हैं। सभी वार्डन को इस ओर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। - संगीता शर्मा, डीसी, बागपत।