अश्लील ऑडियो वायरल होने पर छात्रा ने किया आत्महत्या का प्रयास
बड़ौत (बागपत)। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ लोगों ने नगर के एक डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर एक अश्लील ऑडियो वायरल कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने अपना पेपर छोड़ दिया और घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। परिजनों ने किसी प्रकार उसे बचाया और उपचार कराया। परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
कोतवाली बड़ौत के एक गांव के कुछ लोगों ने गांव की ही छात्रा को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर एक अश्लील ऑडियो वायरल कर दिया। पीड़िता नगर के एक डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। मंगलवार को छात्रा का पेपर था, लेकिन जैसे ही उसे सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की जानकारी लगी तो उसने पेपर छोड़ दिया और खुद को एक कमरे में बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रा के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने किसी तरह युवती को बचाया और चिकित्सक से उपचार कराया।
परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इससे छात्रा व उसके परिजनों में रोष है। परिजनों ने न्याय न मिलने पर कोतवाली में भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। सीओ युवराज सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी की जा रही है। जल्द ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 15 मई को थाना रमाला क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास करने के बाद पीड़िता को न्याय न मिलने पर किशोरी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।