खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रविवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में डंपर की टक्कर लगने से 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शामली के थाना कांधला के गांव गंगेरू निवासी आसिफ के गाजियाबाद जनपद के लोनी कस्बे में मामा हुसैन अहमद है। थाना बिनौली के धनोरा सिल्वर नगर गांव में उसके मामा रहते है। शनिवार को आसिफ अपने मामा की पुत्री राबिया को लेकर लोनी में मामा हुसैन अहमद से मिलने के लिए गया था। रविवार की सुबह दोनों भाई बहन लोनी से लौट रहे थे। दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गांव हसनपुर मसूरी स्थित एवरग्रीन पार्क के पास डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से गिरी राबिया का सिर सड़क में जा लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल आसिफ को जिला अस्पताल भिजवाया। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया। आसिफ के मामा हुसैन अहमद ने खेकड़ा कोतवाली में डंपर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ युवराज सिंह का कहना है कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।