11वीं में स्ट्रीम सिस्टम (साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स आदि) को हटाने का निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कोरोना काल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कक्षा 11वीं में स्ट्रीम सिस्टम (साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स आदि) को हटाने का निर्णय लिया है। यानी गणित का छात्र अब नई व्यवस्था के तहत भूगोल और राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र के विषय पढ़ सकेगा। इसे लेकर बोर्ड का आदेश जिले के 57 स्कूलों में पहुंच गया है।
जिले के करीब तीन हजार विद्यार्थियों का प्रवेश कक्षा 11वीं में होना है। बोर्ड ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे कक्षा 11वीं में विभिन्न प्रकार के स्ट्रीम सिस्टम से बचे और विद्यार्थियों को उनकी रुचि और पसंद के हिसाब से विषयों का समूह चुनने की छूट दी जाए। यानि जिन विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं में स्टैंडर्ड मैथेमैटिक्स विषय लिया था, वे 11वीं कक्षा में भी मैथ्स ले सकेंगे। यानी गणित का छात्र अब नई व्यवस्था के तहत भूगोल और राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र के विषय पढ़ सकेगा। अधिसूचना के मुताबिक कक्षा दसवीं में फेल होने वाले विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट परीक्षाओं के आयोजन तक कक्षा 11वीं में बने रहने की अनुमति दी जाएगी।
नई शिक्षा नीति के तहत 11वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी को मनपसंद पांच विषयों का चयन करने की छूट दी गई है। विद्यार्थियों को इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। जनपद में तकरीबन तीन से चार हजार विद्यार्थी इसका लाभ ले सकते है। - रचना जौहर, जिला नोडल अधिकारी, सीबीएसई।