बड़ौत (बागपत)। गौरीशंकर को भगवान ने जुबां तो नहीं दी, लेकिन उसके मुक्के मेें ऐसी ताकत दी है, जिससे वह अच्छे-अच्छे को धूल चटा देता है। इसी हुनर से वह अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ढेरों स्वर्ण पदक जीत चुका है। फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ भी गौरीशंकर के मुक्के के दीवाने है।
रेलवे रोड निवासी गौरीशंकर पुत्र ब्रजपाल न तो बोल सकता है और न ही सुन सकता है। फोन पर मेसेज के माध्यम से लोगों की बातों का जवाब देता है। उसने वर्ष 2008 में राज बाक्सिंग क्लब बड़ौत में बाक्सिंग सीखानी शुरू की थी। वर्ष 2019 मेें दिल्ली मेें संपन्न हुई एमएमए दिल्ली नेशनल किक बाक्सिंग चैंपियनशिप में गौरीशंकर ने स्वर्ण पदक झटका है। इस चैंपियनशिप में चीफ गेस्ट बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्राफ रहे। टाइगर श्राफ भी गौरीशंकर के मुक्के के दीवाने हो गए थे। गौरीशंकर ने इस वर्ष फरवरी में जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के इंदौर स्टेडियम में संपन्न हुई 19वीं प्रदेश स्तरीय जूनियर एंड सीनियर वुशू चैंपियनशिप में चोटिल होने के बावजूद कांस्य पदक झटका था।
सरकार से नहीं मिली मदद, युवा पीढ़ी को कर रहा प्रशिक्षित
इतनी प्रतिभा होने के बावजूद न तो प्रशासनिक स्तर पर उसे मदद मिली है और न ही शासन स्तर से। बडे़ भाई विक्की व आशु उपाध्याय ने बताया कि कई बार आर्थिक मदद लेने को लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटे, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बावजूद गौरीशंकर ने हार नहीं मानी। अब उन्होंने क्षेत्र के लड़के-लड़कियां को आत्मरक्षा के गुर सिखाने की ठान ली है। गौरीशंकर से प्रशिक्षण ले रही अनुसुइया वर्ष 2016 में उत्तराखंड में हुई नेशनल वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक, 2017 में नेपाल में हुई वुशु चैंपियनशिप में रजत व वर्ष 2018 में उत्तराखंड में हुई किक बाक्सिंग में स्वर्ण पदक जीत चुकी है।
गौरीशंकर की उपलब्धियां
प्रतियोगिता वर्ष पदक
चौथा नेशनल किक बाक्सिंग, हरियाणा 2010 रजत
12वां नेशनल ताइक्वाडो चैंपियनशिप, दिल्ली 2011 स्वर्ण
दूसरी नेशनल ओ-स्पोर्ट चैंपियनशिप, कर्नाटक 2011 स्वर्ण
छठा नेपाल सोतोकोन इंटरनेशनल चैंपियनशिप, नेपाल 2012 कांस्य
21वां नेशनल कराटे चैंपियनशिप, हरियाणा 2013 स्वर्ण
तीसरा नेशनल थाई किक बाक्सिंग, मेरठ 2014 स्वर्ण
दूसरा नेशनल थाई किक बाक्सिंग, उत्तराखंड 2014 स्वर्ण
15वां किक बाक्सिंग चैंपियनशिप, दिल्ली 2015 स्वर्ण
प्रथम थाई किक बाक्सिंग चैंपियनशिप, गाजियाबाद 2016 स्वर्ण
12वीं नेपाल सोतोकोन इंटरनेशनल चैंपियनशिप, नेपाल 2018 स्वर्ण
दूसरी किक बाक्सिंग चैंपियनशिप, जम्मू 2018 स्वर्ण
डब्ल्यूएकेओ किक बाक्सिंग, दिल्ली 2019 स्वर्ण
एमएमए किक बाक्सिंग नेशनल चैंपियनशिप, दिल्ली 2019 स्वर्ण