गैस एजेंसी के प्रबंधक से मांगी रंगदारी
बड़ौत (बागपत)। कनिष्क बिहार नई बस्ती निवासी गैस एजेंसी के प्रबंधक से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। शुक्रवार की सुबह उनके घर पहुंचे तीन लोगों ने बच्चों को जान से मारने की बात कहते हुए यह धमकी दी है। इससे पीड़ित परिवार में दहशत है।
कनिष्क बिहार नई बस्ती निवासी हासिम अली पुत्र लतीफ ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह दोघट कस्बे में शहीद इकबाल इंडेन गैस एजेंसी का प्रबंधक है। शुक्रवार की सुबह उसके आवास पर तीन व्यक्ति पहुंचे और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। एक व्यक्ति का नाम लेते हुए कहा कि दो लाख रुपये भिजवा देना, नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। इससे उनका परिवार दहशत में है। उसने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वालों का पता लगाया जा रहा है।