पुलिस ने 10 हजार के इनामी गैंगस्टर को पकड़ा
बागपत। कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर के मुकदमे में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जबकि 10-10 हजार के दो इनामी बदमाश अभी फरार हैं। तीनों बदमाश ट्रक लुटेरे गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने गैंगस्टर के कब्जे से एक तमंचा बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ गौरीपुर मोड़ से 10 हजार के इनामी बदमाश जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र पुत्र राजवीर निवासी शिकारपुर थाना भौंरा कलां जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश ट्रक लुटेरा गिरोह का सदस्य है। मई 2018 में कोतवाली पुलिस ने ट्रक लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया था। गौरीपुर जवाहरनगर निवासी कोमल गिरोह का सरगना है। इस गिरोह में 12 से 15 बदमाश थे। यह गिरोह हाईवे पर ट्रक लूटता था। पुलिस अब तक 10 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरोह के सरगना कोमल को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सभी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गिरोह के सदस्य जोगेंद्र निवासी शिकारपुर, आसिफ पुत्र माटू निवासी निवाड़ा, बंटी पुत्र मनोज निवासी पिलाना फरार थे। एसपी ने फरार तीनों बदमाशों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब दो इनामी बदमाश फरार हैं। पुलिस उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है।