त्योहारी सीजन के चलते तेजी के आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत/खेकड़ा। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही फल व सब्जी के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं। इससे सेब, केला, अनार, आलू, टमाटर तथा खीरा आदि महंगे हो गए हैं। इनके दामों में करीब 20 फीसदी तक उछाल आया है। कारोबारियों की माने तो कीमतें और बढ़ने के आसार हैं। नवरात्र शुरू होेने से बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है।
उधर, खेकड़ा के सब्जी आढ़ती असलम खान ने बताया कि इन दिनों आलू, नींबू की खपत अधिक होने के साथ मंडी में आवक कम हो जाती है। अधिक मांग के चलते आपूर्ति नहीं हो पाती है। इससे दाम स्वत: बढ़ जाते हैं। फल विक्रेता आसिफ, आमिर, निसार, साजिद, सुरेश कुमार, शंभू ने बताया कि नवरात्र में फलों की खपत बढ़ जाती है। इसके चलते ऊपर मार्केट से ही फलों के दाम बढ़े हुए हैं।
फल हुए महंगे
नगर के फल विक्रेता समीर का कहना है कि नवरात्र पर माता रानी पर चढ़ाने और व्रत में खाने के लिए केला और सेब की बिक्री सबसे ज्यादा होती है। ऐसे में इनके दाम बढ़ रहे हैं। अभी कीमतें और बढ़ने के आसार हैं। सब्जी विक्रेता सोनू का कहना है कि नवरात्र पर्व में उपवास रखने वाले लोग आलू, टमाटर की चटनी व खीरा आदि खाते हैं। इसलिए इनके दामों में वृद्धि हुई है।
पहले ही बजट बिगड़ा हुआ
ममता का कहना है कि पहले से ही घर का बजट बिगड़ा हुआ है। अब नवरात्र के दौरान फल और महंगे हो गए हैं। बबीता मलिक का कहना है कि पहले गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने और अब फलों व सब्जियों के दाम बढ़ने से परेशानी बढ़ गई है। महंगाई ने कमर तोड़कर रख दी हैं।
फल सप्ताह भर पहले व अब (प्रति किलो)
सेब 80 से 100 110 से 120
अनार 80 से 100 100 से 110
मौसमी 45 से 50 50 से 60
केला 40 रुपये दर्जन 50 से 60 रुपये दर्जन
अंगूर 270 से 280 280 से 300
चीकू 70 से 80 80 से 90
सब्जियों के दाम (प्रति किलो)
पहले अब
आलू 15 20
टमाटर 35 40
खीरा 25 30
हरी मिर्च 55 65