यात्री बढ़ें तो रोडवेज बसों की बढ़ाई जाएगी संख्या, चालक और परिचालकों की छुट्टियां रद्द की
अफसरों ने बसों का सैनिटाइजेशन कराकर डिपो में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने भाई और बहन के पवित्र त्योहार रक्षाबंधन की तैयारी पूरी कर ली है। कोरोना महामारी के चलते बसों का सैनिटाइजेशन कराकर डिपो में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था कराई है। त्योहार पर बहनों को परेशानी न हो, इसके लिए जिले व अन्य डिपो पर अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी। डिपो और मुख्य स्टैंड पर तैनात अधिकारी सवारी के आधार पर बहनों के लिए बसों की व्यवस्था कराएंगे। चालक और परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी। रक्षाबंधन के दिन बहनें रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा करेंगी।
बड़ौत डिपो में 53 बसें निगम की और 24 अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा है। जबकि यात्रियों के अभाव में 24 बसों सरेंडर किया। निगम ने रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर तैयारियां पूरी है। त्योहार पर बहनों को परेशानी न हो, इसके लिए डिपो के अलावा, शामली बस स्टैंड, लोनी बस स्टैंड, बामनौली, खेकड़ा बागपत में अधिकारियों को तैनात किया। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी सवारी के आधार पर बसों की व्यवस्था कराएंगे। सवारी अधिक होने की स्थिति में बसों के चक्कर बढ़ाने की योजना भी तैयार कर ली। प्रभारी एआरएम मुकेश अग्रवाल ने बताया त्योहार को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मुख्य बस स्टैंडों पर अधिकारी तैनात किए हैं, जो सवारी के आधार पर बहनों के लिए बसों की व्यवस्था कराएंगे।
सवारी के आधार पर बढ़ाए जाएंगे बसों के चक्कर
बागपत। रक्षाबंधन के त्योहार पर सवारी के आधार पर बसों के चक्कर बढ़ाने की तैयारी है। सवारी अधिक निकलने पर बसों के चक्कर बढ़ाए जाएंगे। इस बारे में डिपो के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं।
बसों को सैनिटाइज कराया
बागपत। कोरोना महामारी से बचाव के लिए डिपो की सभी बसों की सफाई कराकर सैनिटाइज कराया। डिपो में साफ सफाई की व्यवस्था करा दी। सफर के दौरान बहनों को परेशानी न हो। इसके लिए डिपो पर हाथ धोने के लिए सैनिटाइजर और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बागपत। प्रभारी एआरएम मुकेश अग्रवाल ने बताया कि त्योहार को लेकर निगम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंप दी। किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डिपो में 169 चालक और 203 परिचालक तैनात
बागपत। डिपो प्रभारी नरेंद्र मान ने बताया डिपो में 169 चालक है, इनमें 150 चालक संविदा पर और 19 निगम के हैं। 203 परिचालकों में 184 परिचालक अनुबंधित तथा 19 परिचालक निगम के है। त्योहार को देखते हुए डिपो में तैनात अधिकारी, कर्मचारियों के अलावा चालक व परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है।
रोडवेज में नि:शुल्क सफर करेगी बहनें
बागपत। रोडवेज (उत्तर प्रदेश परिवहन निगम) ने रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों को तोहफा दिया है। रक्षाबंधन के त्योहार पर रविवार की रात में 12 बजे से सोमवार रात्रि 12 बजे तक बहनों का सफर नि:शुल्क रहेगा। बहने पूरे प्रदेश में कहीं भी नि:शुल्क सफर कर सकती है। प्रभारी एआरएम मुकेश अग्रवाल ने बताया कि शासन ने रविवार रात्रि 12 बजे से सोमवार रात्रि 12 बजे तक बहनों के लिए नि:शुल्क सफर करने की घोषणा की है।