बागपत। लॉकडाउन के दूसरे दिन जिलेभर में पुलिस मुस्तैद रही। नगर से लेकर देहात तक पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर 327 चालान किए। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से 61 हजार छह सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया। बाजारों में बिना वजह और बिना मास्क के घूमने वालों को लाठियां फटकार कर दौड़ाया।
रविवार को नगर से लेकर देहात तक पुलिस तैनात रही। जिले की सीमाओं और मुख्य मार्गों व कस्बों में चेकिंग अभियान चलाया गया। नगर में राष्ट्रवंदना चौक, पुराना कस्बा, बड़ा बाजार, कोर्ट रोड, शौकत मार्केट में पुलिस ने बेवजह व मास्क का प्रयोग न करने वाले लोगों को लाठियां फटकार कर दौड़ाया और नियमों का पालन न करने वाले लोगों के चालान किए। रविवार को जिले भर में 327 चालान कर 61 हजार छह सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने रविवार को कोविड-19 में 211 चालान कर 58 हजार छह सौ रुपये तथा एमवी एक्ट में 116 चालान कर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोघट थाना के एसआई जगदीश सिंह ने कांस्टेबल सुबोध कुमार व राजसिंह नागर के साथ पुसार बस स्टैंड पर चेकिंग अभियान चलाकर बिना मास्क घूमने वाले लोगों के 15 चालान किए।