संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक के साथ ऑनलाइन अर्निंग एप से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने धमकी देने और कूटरचना का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अधिवक्ता समेत दो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हलालपुर निवासी जुबैर ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह और उसके पिता नौशाद अली वसीम के भाई अलीम के साथ मिलकर पुराने व नए मोबाइल क्रय-विक्रय करते थे। इस बीच जुबैर के बहनोई साहवेज मलिक और वसीम ने एसएमआईएनटीएल नामक एक ऑनलाइन अर्निंग एप में निवेश किया। उसे भी रुपये लगाने के लिए कहा गया।
वसीम ने दावा कि वह एक लाख रुपये लगाकर रोजाना तीन हजार रुपये कमा रहा है। पीड़ित का कहना है कि कुछ समय बाद एप बंद हो गया। आरोप है कि वसीम ने कई अन्य लोगों से भी इस एप में रुपये लगवाए थे। एप बंद होते ही निवेशक वसीम के पास आने लगे।
इससे बचने के लिए वसीम ने उल्टा जुबेर के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर विभिन्न अधिकारियों के पास आवेदन देने शुरू कर दिए। इसके बाद पीड़ित साइबर क्राइम और शहर कोतवाली गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जुबैर ने एसएसपी से शिकायत की। वहां से भी पीड़ित को राहत नहीं मिली। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने वसीम व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।