फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मस्जिद में मंत्र-पाठः भाजपा नेता मनुपाल बंसल और इमाम अली हसन सहित चार पर मुकदमा

Sat, 07 Nov 2020 12:23 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, बागपत
विज्ञापन
गांव में तैनात पुलिस... - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विनयपुर गांव की मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। भाजपा नेता मनुपाल बंसल और पाठ की इजाजत देने वाले इमाम अली हसन सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि विनयपुर गांव की मस्जिद में गायत्री मंत्र और  हनुमान चालीसा पढ़ने के मामले में एसआई अशोक कुमार ने खेकड़ा थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर शुक्रवार को भाजपा की जिला कार्यकारिणी सदस्य मनुपाल बंसल, उनके परिचित खैला गांव निवासी ऋषिपाल, मस्जिद के मौलाना बसौद निवासी अली हसन और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन पर  मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करने से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने और  धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराएं लगाई गई हैं। 

विनयपुर में न पंचायत हुई और न फैसला, पुलिस रही तैनात
रटौल चौकी क्षेत्र के विनयपुर गांव में सर्वसमाज की पंचायत की अफवाह पर पुलिस तैनात कर दी गई। गांव में पंचायत नहीं हुई। ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि कोई पंचायत नहीं बुलाई गई थी। सीओ खेकड़ा मंगल सिंह रावत ने पुलिसबल के साथ गांव का भ्रमण किया और शांति बनाए रखने की अपील की। विनयपुर गांव की मस्जिद में भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य मनुपाल बंसल ने गायत्री मंत्र और हनुमान चालीसा का पाठ किया था। 
विज्ञापन


मनुपाल बंसल और मस्जिद में पाठ करने की इजाजत देने के आरोप में मौलाना इमाम अली हसन को पुलिस ने मुचलका पाबंद किया था। बृहस्पतिवार को इस प्रकरण में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई गई कि गांव में जुमे को सर्वसमाज की पंचायत होगी, इसमें मौलाना को मस्जिद में वापस बुलाने पर भी निर्णय होगा।

शुक्रवार को एहतियात के तौर पर सीओ खेकड़ा मंगल सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिसबल गांव में तैनात कर दिया गया। गांव के मुख्य गेट पर रटौल चौकी की पुलिस मुस्तैद रही। सीओ ने धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया और गण्यमान्यों से बातचीत की।

दिनभर गांव में शांति की स्थिति रही। ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि ग्रामीणों ने कोई पंचायत नहीं बुलाई है। दोनों समुदाय के लोगों के बीच हमेशा की तरह सौहार्द बना हुआ है, जो कायम रहेगा।

किस दिन क्या हुआ

  • 3 नवंबर को भाजपा की जिला कार्यकारिणी सदस्य मनुपाल बंसल ने विनयपुर की मस्जिद में इमाम की सहमति से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
  • 4 नवंबर को गांव के मुस्लिम समाज के लोगों ने इमाम अली हसन को मस्जिद से निकाल दिया था। मौलाना गांव से चले गए।
  • 5 नवंबर को दोनों पक्षों में फैसले को लेकर गोपनीय बैठक हुई, लेकिन सहमति नहीं बनीं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लीलू भी गांव पहुंचे थे।
  • 6 नवंबर को सर्वसमाज की पंचायत की अफवाह फैलाई गई, लेकिन गांव में पंचायत नहीं हुई। 

मनुपाल का समर्थन करने वाले भी मुचलका पाबंद
इस प्रकरण में अब तक 15 लोग मुचलका पाबंद किए गए हैं। इनमें इमाम अली हसन, भाजपा नेता मनुपाल बंसल, वीडियो बनाने वाला युवक और 12 वे लोग शामिल हैं, जिन्होंने फेसबुक लाइव और अन्य सोशल मीडिया के जरिये मनुपाल बंसल का समर्थन किया था।

विज्ञापन


पुलिस निगरानी कर रही है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- एसपी अभिषेक सिंह

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें