संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन दोस्त शैलेंद्र, रुपेश, अमन और श्रुति घायल हो गई। घायलों का सीएचसी में उपचार कराने के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया।
नोएडा की गौर यमुना सिटी के रहने वाले तीन दोस्त शैलेंद्र, रुपेश और अमन अपनी साथी श्रुति के साथ कार से मंसूरी उत्तराखंड घूमने जा रहे थे। बुधवार देर रात दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकला गांव के पास पहुंचे तो उनकी कार डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। हादसे का पता चलने पर वहां आए पुलिसकर्मियों ने सीएचसी में घायल का उपचार कराया। उधर, परिवार के लोग घायलों को दिल्ली जीटीबी ले गए। इस मामले में जांच अधिकारी का कहना है कि कार डिवाइडर से टकराने से हादसा हुआ है।