चांदीनगर। चमरावल गांव के रायल कांवेंट इंटर कॉलेज परिसर में यूकेजी कक्षा के छात्र आयुष की मौत होने के बाद तीसरे दिन भी गांव में मातम पसरा रहा। शनिवार को पूर्व विधायक मदन भैया पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने आयुष के परिवार की मदद करने का आश्वासन दिया।
चमरावल गांव में बृहस्पतिवार सुबह रॉयल कांवेंट इंटर कॉलेज के परिसर में अरुण के छह वर्षीय पुत्र आयुष की बस से कुचलने से मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने मिनी बस चालक पर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। डीएम राजकमल यादव और एसपी नीरज जादौन ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराकर कार्रवाई कराई थी। वहीं, जावली निवासी पूर्व विधायक मदन भैया ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। जहां ग्रामीणों ने पूर्व विधायक से कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। वहीं, दिनभर चमरावल व दूसरे गांवों के ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे। संवाद