संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाकर बुधवार को प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। उसने नगर के राष्ट्र वंदना चौक पर गाड़ी में लदा एक क्विंटल मावा नष्ट कराया। बड़ौत से सफेद रसगुल्ला, दूध के दो और नेस्कैफे कॉफी का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।
सहायक आयुक्त खाद्य मानवेंद्र सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ौत से दिल्ली की ओर जा रही गाड़ी से मावे के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। वहीं, लाइसेंस न होने तथा संदेह के आधार पर एक क्विंटल मावा नष्ट कराया। इसके अतिरिक्त टीम ने रोहित स्वीट बड़ौत से एक नमूना सफेद रसगुल्ला, मलिक डेयरी बड़ौत और किसान डेयरी नेहरू रोड से दूध का एक-एक नमूना, जैन इंटरप्राइजेज घनश्याम गंज मंडी बड़ौत से दो नमूने तथा नेस्कैफे कॉफी का एक नमूना जांच के लिए भेजा है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में रमेश चंद खाद्य सुरक्षा अधिकारी और नेहा चौधरी खाद्य सुरक्षा अधिकारी आदि शामिल रहे।