दोघट। बामनौली गांव में तीन दिन से फुंके पड़े 63 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ हंगामा-प्रदर्शन किया। हंगामे को देखते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों को 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर दे दिया है। दो दिन बाद 100 केवीए का ट्रांसफार्मर देने का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रखा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड है। गत एक माह में यह कई बार फुंक चुका है। ग्रामीण अपने खर्च पर ट्रांसफार्मर लाते हैं और दो दिन बाद ही यह फुंक जाता है। विद्युत विभाग के अफसरों द्वारा इस ट्रांसफार्मर पर पावर वृद्धि की जा चुकी है, लेकिन जेई उन्हें 100 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं दे रहा है। तीन दिन पूर्व यह ट्रांसफार्मर फिर से फुंक गया था।
इसे लेकर ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ हंगामा-प्रदर्शन किया।
हंगामे की सूचना पर विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अधिकारी ने ग्रामीणों को फोन पर आश्वासन दिया कि फिलहाल 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भिजवाया जा रहा है। दो दिन बाद 100 केवीए का ट्रांसफार्मर दे दिया जाएगा। इस पर ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिन बाद उन्हें 100 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं दिया गया तो वे उग्र आंदोलन पर मजबूर होंगे।