संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में पहली बार छाए कोहरे से ठंड के कारण और परेशानी बढ़ा दी गई है। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और वाहन भी काफी कम नजर आए। एक्यूआई 400 पार पहुंच गया है।
शनिवार की सुबह सीजन का पहला कोहरा आया। कोहरे के कारण ठंडक अधिक महसूस की गई। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। इससे मेरठ-बागपत हाईवे, दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे और ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। कोहरे को देखते हुए भारी वाहनों को चालकों ने किनारे पर खड़ा कर दिया।
इससे तापमान पर भी असर दिखाई दिया और अधिकतम तापमान 24 डिग्री तो न्यूनतम नौ डिग्री तक पहुंच गया। धूप निकलने के बाद लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली।
सांस व गले के रोगी बढ़ रहे
डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि कोहरे के कारण सांस व गला खराब होने के मरीज बढ़ रहे हैं। उनके अनुसार सांस के मरीज को कोहरे के समय घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए और जरूरी होने पर सिर व शरीर को ढककर ही बाहर निकलना चाहिए। इसके अलावा सुबह को टहलने से परहेज करें। उन्होंने मरीजों को गुनगुने पानी का सेवन करने और सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लेने की सलाह दी है।
- एक्यूआई 400 के पार पहुंचा
यहां कोहरे के साथ ही प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। इस कारण ही एक्यूआई जहां शुक्रवार को 380 था, वहीं शनिवार को वह 400 के पार पहुंच गया। प्रदूषण के कारण भी लोगों की समस्या बढ़ रही है और लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हुई।
रटौल के पास ईपीई पर कोहरे के बीच लाइट जलाकर जाते वाहन। संवाद- फोटो : udhampur news
रटौल के पास ईपीई पर कोहरे के बीच लाइट जलाकर जाते वाहन। संवाद- फोटो : udhampur news