बागपत में कोहरे के कारण जाम में फंसे वाहन चालक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोहरे और कड़ाके की ठंड के प्रकोप से रविवार को जनपद में कई सड़क हादसे हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर लुहारा गांव के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़त में गाजियाबाद निवासी अदिति सिरोही समेत चार लोग घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार कराया गया।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित रक्षा अस्पताल के पास दो बाइकों की भिड़त में अमित और सुनील निवासी बड़ौत घायल हो गए। इसके अलावा अलग-अलग हादसों में साहिल पुत्र रफीक बेग व जुनैल पुत्र महबूब निवासी लोनी, मोहित पुत्र अशोक निवासी मुरादनगर घायल हो गए।
दूसरी ओर, पाली गांव के पास भी एक ट्रक पलट गया। बताया गया है कि इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने लोगों की मदद से उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी कारण रोड पर जाम लगा रहा। इससे दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।