-ब्राह्मण समाज की बैठक में कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लिया
फोटो-10
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। आदर्श नंगला गांव में रविवार को ब्राह्मण समाज की बैठक हुई, जिसमें ब्राह्मण समाज 24 खाप के चौधरी अनिल शर्मा ने समाज में व्याप्त कुरीतियों पर चिंता जताई। उन्होंने दहेज प्रथा और नशाखोरी जैसी बुराइयों को दूर करने के लिए एकजुट प्रयास करने का आह्वान किया।
शर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी संस्कार विहीन हो रही है। वे शिक्षा पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने इसके लिए माता-पिता द्वारा बच्चों पर ध्यान न देने को मुख्य कारण बताया। अनिल शर्मा ने जोर दिया कि इन सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते इन बुराइयों पर अंकुश न लगाने पर इसका दुष्प्रभाव भावी पीढ़ियों पर पड़ेगा। बैठक में युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई। उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने और भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। बैठक में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई टिप्पणी की भी निंदा की गई। इस दौरान रामपाल शर्मा, आनंद शर्मा, शिवम शर्मा, माधव शर्मा और प्रवीण कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।