बिनौली। चैत्र नवरात्र में फजलपुर सुंदरनगर के मां भगवती दुर्गा देवी मंदिर परिसर में दो दिवसीय विशाल मेले के दूसरे दिन अष्ठमी को श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ आया। जिन्होंने भक्तिभाव के साथ माता रानी के दरबार में पहुड्डचकर पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाकर मन्नते मांगीं।
मेले में दूसरे दिन शनिवार को तेड़ा, तितरोदा, फजलपुर, बिनौली, बिजवाड़ा, जौहड़ी, गल्हेता, जिवाना, सिरसली समेत विभिन्न गांवों के ग्रामीण व महिलाओं का जनसमूह ट्रैक्टर-ट्रॉली व भैंसा बुग्गी में सवार होकर मेले में पहुंचे। यहां सर्वप्रथम इन्होंने पुजारी कृष्णदास के नेतृत्व में मां भगवती के चरणों में प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। वहीं, भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर मेले में लगे गगनचुंबी हिंडोले में बैठकर, सर्कस आदि देखकर मनोरंजन किया तथा मेले में लगी दुकानों से जमकर खरीददारी कर चाट पकौड़ी, जलेबी आदि व्यंजनों का स्वाद चखा। शांति व्यवस्था के मद्देनजर मेले में थाना प्रभारी डीके त्यागी के निर्देशन में पीएसी व पुलिस बल ने गश्त किया। अष्ठमी के अवसर पर रात्रि में मंदिर मंच पर भजन मंडली द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। मेले को सफल बनाने में ग्राम प्रधान सुधीर राजपूत, अध्यक्ष चरण सिंह, प्रबंधक अरुण कुमार, सतीश कुमार, महेश शर्मा, हरिमोहन शर्मा, ओमदत्त पंडित, मनोज, राकेश आदि का सहयोग रहा। संवाद